कश्मीर घाटी में गणतंत्र दिवस के मौके पर आत्मघाती हमलावर लड़कियां किसी बड़ी आतंकी घटना को अंजाम दे सकती हैं। इसी मकसद से पुणे से एक लड़की कश्मीर पहुंच चुकी है। खुफिया एजेंसियों को इस बारे में महत्वपूर्ण इनपुट मिले हैं। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने को कहा गया है। तलाशी अभियान तेज हो गए हैं।
खुफिया एजेंसी को जानकारी मिली है कि पुणे महाराष्ट्र के यरवडा की रहने वाली सादिया अनवर शेख (18) घाटी में मौजूद है। गणतंत्र दिवस के अवसर पर किसी भी समारोह स्थल के भीतर या उसके बाहर जोरदार धमाका कर सकती है।
महिला आत्मघाती हमलावर के घाटी में होने के इनपुट के बाद से जम्मू कश्मीर पुलिस ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों समेत अन्य सभी सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश जारी किए हैं। गणतंत्र दिवस से पहले पूरी घाटी में नाके और सख्त कर दिए गए हैं।
जगह-जगह तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि संदिग्ध व्यक्तियों पर खास तौर से महिलाओं पर विशेष नजर रखी जाए ताकि देश विरोधी तत्वों के नापाक इरादों को कामयाब होने से रोका जा सके।