फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नेशनल हाईवे पर लुटेरों ने ट्रक से एक करोड़ नकदी लूटी, बिना सुरक्षाकर्मियों के जा रहा था कैश

Sat, 27 Oct 2018 09:29 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जम्मू
विज्ञापन
indian army - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

जिला मुख्यालय से केवल छह किलोमीटर दूर बगियाल मोड़ और बरवाल मोड़ के बीच शुक्रवार की देर रात को फिल्मी अंदाज में बोलेरो पर सवार तीन हथियारबंद लुटेरों ने नेशनल हाईवे पर एक करोड़ की नकदी लूट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे फरार हो गए। लुटेरों ने गन प्वाइंट पर ट्रक के कंटेनर को खंगालने के बाद एक सैंपल बॉक्स से इतनी बड़ी रकम लूटी। बाड़ी ब्राह्मणा में एक औद्योगिक इकाई प्रबंधक की ओर से मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। 

विज्ञापन


जानकारी के अनुसार बाड़ी ब्राह्मणा की एक औद्योगिक इकाई से निकला ट्रक दिल्ली जा रहा था। बगियाल मोड़ को पार कर बरवाल की ओर बढ़ रहा था। इसी बीच एक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर आए तीन लोगों ने ट्रक को कठुआ के नजदीक रुकवाया। यहां ट्रक चालक से उन्होंने ट्रक में लदे सामान की बारे में पूछताछ की। उसके बाद गन प्वाइंट पर उन्होंने चालक से कंटेनर का लॉक खुलवाया और एक-एक डिब्बे की तलाशी शुरू कर दी। 

प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि इसी दौरान एक डिब्बे से उन्हें कैश मिल गया। ट्रक चालक के अनुसार उसे भी गाड़ी में भेजे जा रहे कैश की जानकारी नहीं थी। लुटेरों ने जैसे ही कैश निकाला, ट्रक चालक के भी होश उड़ गए। लुटेरे इसके बाद बॉक्स लेकर फरार होने लगे। चालक ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन तीन लुटेरों में से एक हृष्ट-पुष्ट लुटेरे ने गन तानते हुए जान से मारने की धमकी दी और तीनों इत्मीनान से लूट को अंजाम देकर घटनास्थल से फरार हो गए। शनिवार देर रात डेढ़ बजे के आसपास हुई इस घटना के बाद इकाई प्रबंधकों ने तीन बजे के बाद कठुआ थाने में मामला दर्ज करवाई।
विज्ञापन


पुलिस ने लोंडी मोड़ और घटनास्थल से सटे संस्थानों के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला है। बाड़ी ब्राह्मणा और गंगयाल पहुंची पुलिस टीमें ट्रक चालक और कंडक्टर सहित पांच लोगों से पूछताछ कर रही हैं। आईजीपी जम्मू एसडी सिंह जमवाल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और जल्द ही आरोपी पुलिस हिरासत में होंगे।  

इतना कैश ट्रक से भेजने की भी जांच शुरू
एक करोड़ की कैश लूट मामले में इकाई प्रबंधन की बड़ी लापरवाही सामने आई है। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार इकाई से रूटीन में सैंपल बॉक्स भेजे जाते थे। इस बार भी चालक को कंटेनर में सैंपल बॉक्स की ही जानकारी थी, लेकिन इकाई प्रबंधकों ने इतने बड़े कैश के साथ एक सुरक्षाकर्मी को भेजना भी जरूरी नहीं समझा। ऐसे में ट्रक चालक की जान को भी आफत में डाल दिया गया। आज जबकि कैश ट्रांजेक्शन के लिए कई तरह के लिए विकल्प मौजूद हैं ऐसे में कैश को बिना सुरक्षा और छुपाकर भेजने की आखिर क्या जरूरत थी। यही नहीं पुलिस इस पहलु पर भी जांच कर रही है कि क्या कैश पहली बार ही इस तरीके से भेजा जा रहा था या इससे पहले भी इसी तरह से कैश भेजा जाता रहा है?  अमर उजाला ने इस संबंध में यूनिट के मैनेजर से भी बात करने की कोशिश की लेकिन उन्होंने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। 

नाकों पर अलर्ट, पूछताछ शुरू
पुलिस ने इसके बाद सभी नाकों को अलर्ट कर दिया, लेकिन सुबह तक लुटेरों का कोई पता नहीं चल पाया। सुबह कठुआ से पुलिस की दो टीमें गंगयाल और बाड़ी ब्राह्मणा पहुंची जहां उन्होंने इकाई के स्टाफ से ट्रक में बिना सुरक्षा भेजे जा रहे इतने कैश के बारे में जानकारी ली। इस दौरान शक के आधार पर तीन लोगों से पूछताछ जारी है, वहीं ट्रक चालक और कंडक्टर भी संदेह के घेरे में हैं।  

लूट की वारदात के बाद ट्रक चालक ने इकाई के प्रबंधक को मामले की जानकारी दी, जिसके बाद चालक ने कालीबड़ी चौक पर पुलिसकर्मियों के नजदीक ट्रक को लगा दिया। वहीं कुछ ही समय बाद इकाई प्रबंधक भी कठुआ पहुंच गए और पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई।   

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें