कश्मीर के खराब हालातों के बीच राज्य के खेल मंत्री इमरान अंसारी को जम्मू कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) का अध्यक्ष चुन लिया गया।
अंसारी ने नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के तीन दशक लंबे कार्यकाल का सिलसिला बीते वर्ष खत्म किया था। मामला कोर्ट में चले जाने से चुनाव प्रक्रिया अटक गई थी।
मंगलवार को चुनाव की प्रक्रिया को विधिवत पूरा किया गया। अध्यक्ष चुने गए अंसारी ने कहा पहली बार जेकेसीए के चुनाव अपने निर्धारित समय से हुए हैं। बतौर अध्यक्ष अंसारी ने कहा एसोसिएशन की कमान संभालते ही हमने एक वर्ष के भीतर चुनाव करवाने का वादा किया था, जिसे पूरा कर दिया गया है।
एसोसिएशन की प्राथमिकताओं पर उन्हाेंने कहा जेकेसीए की नई टीम जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को खोजने और उन्हें निखारने का काम करेगी। एसोसिएशन उच्च स्तर की प्रतिस्पर्धा का माहौल तैयार करेगी। दिलचस्प है कि सुप्रीम कोर्ट ने बीसीसीआई में सुधार के लिए मंत्रियों के पदाधिकारी बनने से परहेज करने का निर्देश दिया था और जेकेसीए बीसीसीआई से संबद्ध संस्था है।