पीडीपी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती
- फोटो : file photo
श्रीनगर तथा अनंतनाग लोकसभा उपचुनाव के सियासी भंवर में फंसी पीडीपी ने बड़ा दांव चलते हुए रियासत के खेल मंत्री इमरान रजा अंसारी को लगभग मना लिया है। इसे शिया मतों के ध्रुवीकरण से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों सीटों पर इमरान के प्रचार अभियान में शिरकत करने से पार्टी को लाभ मिलेगा।
इमरान को श्रीनगर सीट की जिम्मेदारी सौंपते हुए पीडीपी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने आश्वस्त किया है कि उनके जो भी गिले शिकवे होंगे उस पर विचार किया जाएगा। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद इस्तीफा देने वाले इमरान जल्द ही कार्यभार संभाल सकते हैं। ज्ञात हो कि एक अन्य मंत्री बशारत बुखारी ने भी इस्तीफा दे दिया था लेकिन पार्टी अध्यक्ष के मनाने पर उन्होंने हार्टिकल्चर विभाग का कार्यभार कुछ दिनों बाद ही संभाल लिया था।
पार्टी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि श्रीनगर सीट से पार्टी प्रत्याशी के नामांकन से ठीक पहले महबूबा ने इमरान रजा अंसारी को श्रीनगर स्थित आवास पर गिले शिकवे दूर करने के लिए बुलाया। एक घंटे से अधिक समय तक चली बातचीत में महबूबा ने आश्वस्त किया कि उनकी बातों पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा।