अमरनाथ यात्रा के लिए 27 अप्रैल से हेलिकाप्टर टिकट की आनलाइन बुकिंग शुरू होगी। दक्षिणी कश्मीर हिमालय की पहाड़ियों में स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए हेलिकाप्टर का टिकट लेने वाले यात्रियों को एडवांस पंजीकरण नहीं कराना होगा।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ओर से नीलग्रथ-पंजतरणी-नीलग्रथ रूट के लिए 1600 (सभी टैक्स रहित) और पहलगाम-पंजतरणी-पहलगाम सेक्टर के लिए 2751 किराया निर्धारित किया गया है। 60 दिन की अमरनाथ यात्रा को 28 जून से शुरू किया जा रहा है।
श्राइन बोर्ड के सीईओ उमंग नरुला ने बताया कि एयर ट्रैफिक सर्विसेस रेगुलेशन के पैमाने पर आनलाइन बुकिंग की व्यवस्था होगी। 27 अप्रैल को सुबह 10 बजे से हेलिकाप्टर के लिए बुकिंग शुरू होगी। बोर्ड की समीक्षा बैठक में सीईओ नरुला ने राज्यपाल को जानकारी दी कि श्राइन बोर्ड से मान्यता प्राप्त हेली आपरेटरों से बोर्ड की वेबसाइट पर आनलाइन टिकट उपलब्ध होगी।
आपरेटरों की ओर से मान्यता प्राप्त एजेंटों, टूर एंड ट्रैवल एसोसिएशन से भी निर्धारित तिथि से टिकट उपलब्ध होगी। हेलिकाप्टर टिकट को यात्री पंजीकरण के तौर पर लिया जाएगा, लेकिन इसके लिए उसे मान्यता प्राप्त डाक्टरों द्वारा कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट लेना अनिवार्य होगा। यात्रियों की सुरक्षा को पुख्ता बनाने के लिए डीजीसीए के नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा।