वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ सड़कों पर उतरे आईजीपी स्रोत पुलिस
वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पैदल घूमकर जानी जमीनी स्थिति, दुकानदारों और लोगों से किया संवाद
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। जम्मू जोन की कमान संभालने के बाद आईजीपी तेजिंदर सिंह ने बुधवार को पहली बार शहर में जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने डीआईजी जम्मू-सांबा-कठुआ रेंज, एसएसपी जम्मू और एसपी के साथ सिटी नॉर्थ इलाके में पैदल गश्त की। आईजीपी ने दुकानदारों और आम लोगों से संवाद किया। इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की स्थिति को करीब से देखा।
तेजिंदर सिंह ने दुकानदारों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर सुरक्षा से जुड़ी उनकी चिंताओं को जाना। पुलिस की तैनाती, गश्त और मौके पर मौजूदगी को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। आईजीपी ने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सतर्क रहने और नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में पुलिस की प्रतिक्रिया तेज होनी चाहिए और फील्ड में तैनात जवानों के बीच बेहतर तालमेल बना रहना चाहिए। आईजीपी के पदभार संभालने के बाद यह पहला मौका रहा जब उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ खुद इलाके में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।