पुलवामा जिले में फायरिंग की आवाज सुनकर घटनास्थल पर जा रही पुलिस टीम आईईडी विस्फोट का शिकार हो गई। जोरदार धमाके में पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर सहित तीन पुलिसकर्मी जख्मी हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले के त्राल इलाके में रात को फायरिंग की आवाज सुनाई दी। इस पर पुलिस टीम को घटनास्थल की ओर रवाना किया गया। त्राल की ओर जा रही पुलिस टीम का वाहन बीच रास्ते में आईईडी विस्फोट का शिकार हो गया।
इसमें सब इंस्पेक्टर और दो अन्य पुलिस कर्मी जख्मी हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। विस्फोट के बाद इलाके में सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया जोकि देर रात तक जारी था।
फिलहाल फायरिंग और आईईडी विस्फोट को अंजाम देने वालों का सुराग नहीं लग पाया था। माना जा रहा है फायरिंग की घटना को एक साजिश के तहत अंजाम दिया गया जिसके बाद पुलिस टीम को आईईडी से निशाना बनाया गया।