नेशनल कांफ्रेंस के पूर्व नेता डा. महबूब बेग ने सोमवार को नेकां को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उनपर पार्टी को छोड़ने के बाद लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। डा. महबूब बेग ने नेशनल कांफ्रेंस द्वारा लगाए आरोप कि उनके द्वारा लोकसभा चुनाव हारने के बाद कैबिनेट में जगह मांगी को सिरे से नकारा है।
उन्होंने कहा कि कभी भी पार्टी से कैबिनेट में जगह देने की मांग नहीं की न ही उन्होंने पार्टी से कभी भी पुनर्वास की गुहार लगाई। उन्होंने यह भी कहा कि जनता अब सब जानती है। पूर्व एमपी डा. बेग ने कहा कि वह निजी तौर पर आरोप-प्रत्यारोप नहीं करना चाहते है न ही किसी नेकां नेता की आलोचना की मंशा है।
उन्होंने कहा कि उन पर लगाए आरोप कि लोकसभा चुनावों के बाद वह मुख्यमंत्री को केवल एक ही बार मिले और उन्होंने विकास और नौकरियों को लेकर कोई भी चर्चा नहीं की, यह बेबुनियाद है। सच यह है कि इस सिलसिले में कई बार मुख्यमंत्री से मिले और दक्षिणी कश्मीर की समस्याओं को लेकर उनसे बात भी की।
गौरतलब है कि नेशनल कांफ्रेंस के कश्मीर संभाग के प्रांतीय अध्यक्ष नासिर असलम वानी ने डा. महबूब बेग पर यह आरोप लगाए थे कि उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से यह मांग की थी कि उनके लिए कैबिनेट में एक सीट खाली करवाई जाए।