जम्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव
- फोटो : AMAR UJALA
जम्मू विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव के मुख्य चरण का चुनाव शुक्रवार को शांति से निपट गया। हालांकि सचिव पद के लिए वोट नहीं डाले गए। आगाज धीमा रहा। चुनाव प्रक्रिया आधा घंटा देरी से शुरू हुई। लेकिन वक्त गुजरने के साथ ही इसने गति पकड़ ली। वोटिंग सौ फीसदी रही।
पहले चरण के चुनाव में जीते सीआर/डीआर के इलेक्टोरल कालेज को ही इस चुनाव में मतदान करना था। सभी 71 सीआर/डीआर ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इससे पूर्व एडीएसडब्ल्यू डा. प्रमिल कुमार को छात्र कल्याण विभाग (डीएसडब्ल्यू) के बाहर आकर आवाज लगानी पड़ी।
वोट डालने के लिए छात्रों को दो स्तरों पर कड़ी चेकिंग से गुजरना पड़ा। उनके मोबाइल, पेन और दूसरे गैजेट बाहर ही रखवा लिए गए। वह केवल अपना परिचय-पत्र लेकर भीतर प्रवेश पा सके। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के एक-एक पद समेत संयुक्त सचिव के दो पदों के लिए वोटिंग हुई।
डीएसडब्ल्यू कार्यालय में एक बार में एक ही छात्र के वोट डालने की व्यवस्था की गई थी। चुनाव आयुक्त प्रो. एमए मलिक सील बैलेट बाक्स में बैलेट पेपर डालने को लेकर छात्रों को साथ-साथ निर्देशित भी करते जा रहे थे। उन्हें खास तौर पर बताया जा रहा था कि सचिव पद के लिए वोट नहीं करना है।
कार्यालय की सीढ़ियों पर ही अध्यक्ष पद के तीनों प्रत्याशी हर्षवर्धन सिंह, अभिनंदन शर्मा और अरुण देव सिंह अपने समर्थकों के साथ मौजूद थे। वह हर भीतर जाते सीआर/डीआर से जीत सुनिश्चित कराने की अपील करते रहे।