महानपुर के चनेरा गांव में प्रदूषित पानी पीने से डायरिया के मरीजों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार से चनेरा सब सेंटर और महानपुर पीएचसी में पहुंच रहे डायरिया के मामले पहुंचने का सिलसिला शनिवार को भी जारी रहा। शुक्रवार की रात जहां नौ मामले भर्ती किए गए, वहीं शनिवार को 10 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही डायरिया के मरीजों का आंकड़ा 100 के पार हो गया है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग 70 मामलों की ही पुष्टि कर रहा है, जबकि गांव में प्रभावित लोगों की संख्या इससे कहीं ज्यादा है।
स्वास्थ्य विभाग ने जहां 15 सदस्यों की मेडिकल टीम को चनेरा में तैनात कर दिया है, वहीं अतिरिक्त दवाएं भी भेजी जा रही हैं। विभाग के अनुसार शुक्रवार रात से शनिवार सुबह तक नौ मरीजों को उपचार के लिए चनेरा सब सेंटर में भर्ती करवाया गया है। जहां एंटीबायोटिक और फ्लूड दिया जा रहा है। विशेषज्ञ डाक्टरों की टीम लगातार मरीजों की स्थिति पर नजर रखे हैं। ग्रामीणों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है।
प्रदूषित पानी पीने से 15 लोग चनेरा सब सेंटर में भर्ती
डायरिया रोग पर हालात नियंत्रण में हैं। अब तक जितने भी मामले सामने आए हैं, सबका इलाज सब सेंटर या फिर महानपुर पीएचसी में किया गया है। एहतियात के तौर पर एक एंबुलेंस भी चनेरा सब सेंटर में तैयार रखी है, ताकि किसी भी मरीज की हालत बिगड़ने पर तुरंत कठुआ शिफ्ट किया जा सके। वैसे अभी तक किसी भी मरीज को कठुआ शिफ्ट करने की जरूरत नहीं पड़ी है।