कश्मीर आने वाले पर्यटकों को आफ सीजन के दौरान होटलों में 40 फीसदी की छूट मिलेगी। रविवार को पर्यटन से जुड़े क्षेत्रों के पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बैठक में इसकी घोषणा की गई। सीएम ने कश्मीर में पर्यटकों को हर सीजन में आमंत्रित करने पर बल दिया।
बैठक में कश्मीर के हाउस बोट, चैंबर आफ कामर्स, होटल सहित कई अन्य एसोसिएशन के नुमाइंदों ने हिस्सा लिया। सीएम ने कहा कि कश्मीर को एक ऐसा पर्यटन स्थल बनाना है, जहां लोग हर सीजन में आएं। घाटी में पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए आगे आना होगा। टूरिज्म से जुड़े लोगों को घाटी में निवेश करने के लिए सिंगल विंडो क्लीयर सिस्टम लागू किया गया है।
जो फायदेमंद साबित होगा। पिछले वर्ष बाढ़ की वजह से हुए नुकसान की भरपाई की कोशिश की जा रही है। सारे ढांचे को दुरुस्त किया जा रहा है। बैठक में मौजूद वित्त मंत्री हसीब द्राबु ने बताया कि कुछ ही दिनों में राज्य को केंद्र की तरफ से 1500 करोड़ रुपये जारी होने वाले हैं।