कश्मीर में तेजी से बढ़ रहे स्वाइन फ्लू को लेकर स्किम्स के डॉक्टरों ने चिंता व्यक्त की है। डॉक्टरों के अनुसार, अगर ऐसा ही हाल रहा तो दवाइयां कम पड़ सकती हैं। केंद्र को स्थिति की जानकारी देने के लिए कश्मीर से डाक्टरों एक टीम दिल्ली गई है। कश्मीर के इकलौते अस्पताल शेर-ए-कश्मीर इंस्टिट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज (स्किम्स) में स्वाइन फ्लू के मरीजों की बढ़ रही संख्या को देख वहां के प्रबंधन समेत डॉक्टरों में काफी चिंता है।
यह वायरस तेजी से फैल रहा है। आए दिन मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी भी हो रही है। उनके अनुसार अगर ऐसा ही हाल रहा तो अस्पताल में दवाइयों की कमी हो जाएगी। स्किम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. फारूक जान ने बताया कि फिलहाल उनके पास टेमी फ्लू वैक्सीन का लिमिटेड स्टॉक है।
अगर इसी तेजी से मामले बढ़ते गए तो दवाइयों का अभाव होगा। उन्होंने बताया कि स्किम्स द्वारा चार हजार एन95 मास्क का आर्डर दे दिया गया है और वह जल्द ही पहुंच जाएंगे। साथ ही पचास हजार टेमी फ्लू वैक्सीन का भी हैदराबाद स्थित दवाइयों की कंपनी को आर्डर दे दिया गया है।