समाज कल्याण, एआरआई एंड ट्रेनिंग्स, साइंस एंड टेक्नोलॉजी मंत्री सज्जाद गनी लोन ने विधानसभा में आंगनबाड़ी वर्कराें और हेल्परों की मानदेय राशि में 500 रुपये की बढ़ोत्तरी का एलान किया।
विधानसभा में समाज कल्याण, एआरआई एंड ट्रेनिंग्स की अनुदान राशि को मंजूरी देने से पूर्व बहस के दौरान मंत्री ने कहा आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर पद पर कार्यरत कर्मियाें के मानदेय में तत्काल प्रभाव से बढ़ोत्तरी की जाती है।
विस्तार से चर्चा करने के बाद सदन ने ध्वनिमत से तीनों विभागों के लिए 1507.85 करोड़ रुपये की अनुदान राशि को मंजूरी दी। मंत्री ने कहा कि समाज कल्याण विभाग आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को लाभ देने वाली योजनाओं पर काम करता है।
मौजूदा सरकार गरीबी उन्मूलन सहित बेसहारा वर्ग के लिए सहायता प्रदान करने पर जोर दे रहा है। उन्होंने कहा सरकारी योजनाओं को पारदर्शिता से लागू करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए लोन ने कहा एनएसएपी के तहत 1 लाख 51 हजार 163 योग्य लाभार्थियों को चालू वित्त वर्ष में पेंशन दी जाएगी।
आईएसएस स्कीम के तहत 4 लाख 22 हजार 500 वृद्ध, विधवा और विकलांगों को पेंशन दी जाएगी। इस वर्ष विभाग ने 5 लाख 94 हजार 371 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। 720 वयस्क युवतियों को विवाह के लिए वित्ती मदद दी जाएगी। 63645 गरीबों को आसारा योजना से लाभान्वित किया जाएगा।
52630 लड़कियों को राजीव गांधी योजना के तहत सशक्तिकरण के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। इसी तरह से इंदिरा गांधी मातृत्व सहयोग योजना के तहत 5223 लाभार्थियाें को लाभ मिलेगा। लाडली बेटी योजना के तहत 2750 लड़कियों को लाभ दिया जाएगा। राज्य पुनर्वास परिषद की ओर से 8851 लाभार्थियों को वित्तीय मदद दी जाएगी।