आल जेएंडके होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन की प्रधान कमला शर्मा ने मंगलवार को पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने राज्य सरकार से अपनी लंबित मांगों को पूरा करने के लिए दबाव बनाया है। इसके साथ ही ऐलान किया है कि अगर विधानसभा चुनाव शुरू होने से पहले उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो लखनपुर से लेकर जम्मू तक होमगार्ड जवान विरोध स्वरूप सड़क पर उतरेंगे।
प्रधान कमला शर्मा ने बताया कि पंजाब राज्य में होमगार्ड जवानों को अच्छी खासी तनख्वाह दी जा रही है, जबकि रियासत सरकार होमगार्ड को कोई भी लाभ देने के लिए तैयार नहीं है। इसके साथ ही अन्य लाभों से भी वंचित रखा जा रहा है, जिस कारण होमगार्डों के लिए जीवन व्यतीत करना काफी मुश्किल बना हुआ है। उन्होंने बताया कि वे कई बार मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सामने अपनी बातें रख चुके हैं लेकिन हर बार उन्हें आश्वासन ही मिला है।
पदाधिकारियों के मुताबिक मुख्यमंत्री ने कोड आफ कंडक्ट लगने से पहले मांगें पूरी करने का विश्वास दिलाया था लेकिन शायद उन्हें सड़क पर आने के लिए मजबूर होना ही पड़ेगा। इस मौके पर पवन कुमारी, संतोष कुमारी, कैलाश देवी, गोपाल दास, अनिल कुमार, कृष्ण लाल, वेद कुमार, राकेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।