केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह
- फोटो : अमर उजाला
गृह मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे। इस दौरान वह राज्य में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे और विभिन्न दलों के नेताओं के साथ बातचीत करेंगे।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, एक दिवसीय दौरे में सिंह राज्यपाल सत्यपाल मलिक और सिविल, पुलिस तथा सुरक्षाबलों के शीर्ष अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर मौजूदा स्थिति का आकलन करेंगे। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि गृह मंत्री जम्मू कश्मीर में खासतौर से घाटी और पाकिस्तान के साथ लगती सीमा पर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करेंगे।
गृह मंत्री का जम्मू-कश्मीर का दौरा शहरी स्थानीय निकाय चुनाव खत्म होने के बाद हो रहा है। अगले कुछ दिनों में पंचायत चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। इन चुनावों का राज्य की दो प्रमुख पार्टियां नेशनल कांफ्रेंस व पीडीपी बहिष्कार कर रही हैं। इस दौरे के दौरान गृहमंत्री सिविल सोसायटी के कुछ लोगों से मुलाकात कर सकते हैं।