केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने रियासत की सभी राजनीतिक पार्टियों से निकाय व पंचायत चुनाव में भाग लेने की अपील की है। नेशनल कांफ्रेंस व पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के बहिष्कार की घोषणा के बाद उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियां राजनीतिक प्रक्रिया में हिस्सा लें। इससे उन्हें जनता से सीधा जुड़ने और संवाद का मौका मिलता है।
जम्मू में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के लिए स्मार्ट फेंसिंग पायलट प्रोजेक्ट का शुभारंभ करने के बाद बीएसएफ मुख्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में नए प्रधानमंत्री इमरान खान के आने के बाद भी बदलाव की उम्मीद नहीं दिखती है।
नहीं लगता कि पाकिस्तान की प्रकृति में कोई बदलाव आएगा। पाकिस्तान की अपनी प्रकृति है और उसे हम बदल नहीं सकते। अपनी प्रकृति में बदलाव के लिए पाकिस्तान जो कर सकता है, वह उसे खुद करना होगा।
पाकिस्तान को यह समझना होगा कि पड़ोसियों के साथ कैसे व्यवहार करे। उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान के साथ संबंध बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए। इसके लिए खुद प्रधानमंत्री मोदी प्रोटोकॉल तोड़कर वहां गए।