खराब मौसम के कारण केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार को एलएसी का दौरा नहीं कर सके। हेलीकाप्टर के उड़ान नहीं भर पाने के कारण डेमचोक के दुंगती बार्डर पोस्ट तक सड़क मार्ग से गए। वे रात्रि विश्राम वहीं करेंगे। बार्डर पोस्ट पर रात बिताने वाले वे देश के पहले गृह मंत्री होंगे।
तीन दिवसीय दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री ने मौसम खराब होने के बाद यह तय किया कि वे समुद्र तल से 13648 फीट की ऊंचाई पर दुंगती पोस्ट पर जाएंगे। उनके साथ आईटीबीपी के डीजी कृष्ण चौधरी तथा वरिष्ठ अधिकारी हैं।
गृह मंत्री अधिकारियों तथा जवानों के साथ रात बिताकर यह जानने की कोशिश करेंगे कि कितनी कठिन परिस्थितियों में वे सीमा की सुरक्षा में डटे हुए हैं। बुधवार को आफिसर्स मेस का उद्घाटन करने के बाद वे सैनिक सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान वे जवानों के साथ सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे।