जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है वैसे-वैसे आतंकी चुनाव में खलल डालने के प्रयास तेज कर रहे हैं। आज हिजबुल मुजाहिद्दीन के आतंकियों ने कश्मीर के लोगों को धमकी दी है कि वह चुनावों से दूर रहें। अगर चुनावों में वोट डाला गया तो इसका अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहें।
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले के पांच गांवों में हिजबुल आतंकियों ने इस बाबत पोस्टर लगाए हैं। लोगों के साथ ही आतंकियों ने राजनीतिक कार्यकर्ताओं को भी चुनावी गतिविधियों से दूर करने की धमकी दी है। पोस्टर लगाए जाने की घटना के बाद से इलाके के लोगों में भय व्याप्त है और चुनावी गतिविधियां न के बराबर हैं।
हालांकि सुरक्षा बलों ने गांवों में लगाए गए इन पोस्टर्स को हटा दिया है। स्थानीय पुलिस इस मामले की जांच करने में लगी है कि पोस्टर आतंकियों ने लगाए हैं कि किसी ने शरारत की है। बता दें कि 25 नवंबर से रियासत में पहले चरण के लिए मतदान होगा।