आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन ने संगठन के आतंकी जहूर ठोकर तथा नवीद अहमद को कश्मीर का गद्दार बताया है। साथ ही दोनों को संगठन से निकाल दिया है। सोशल मीडिया पर हिजबुल का वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
इसे हिजबुल की नई साजिश के तौर पर देखा जा रहा है। ज्ञात हो कि जहूर ठोकर ने सेना तथा नवीद ने पुलिस से भागकर आतंक का दामन थामा था। हिजबुल के 1:37 मिनट के वीडियो में कहा गया है कि कश्मीर की अवाम को यह बताना चाहते हैं कि आजकल जितने भी आतंकी शहीद हो रहे हैं उन सबके पीछे आर्मी वाला ठोकर और पुलिस वाला नवीद है।
हाल ही में शोपियां के बटमुरान में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पुलिस वाले नवीद ने दी थी, जहां मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए थे। हिजबुल कमांडर जुबैर भाई की तरफ से यह फरमान है कि दोनों का अब आतंकी संगठन से कोई नाता नहीं है। दोनों को तंजीम से बर्खास्त कर दिया गया है।
वीडियों में कहा गया कि कोई भी मुसलमान भाई इन दोनों की मदद न करे। इन्हें घरों में पनाह न दें क्योंकि दोनों कश्मीर के गद्दार हैं। वायरल वीडियों में आतंकियों के साथ हथियार के साथ फोटो भी हैं।