हिज्ब का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- फोटो : DEMO PHOTO
सोशल मीडिया पर एक बार फिर आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन का एक वीडियो वायरल हुआ है। एक मिनट 42 सेकेंड के वीडियो में पांच हथियारों से लैस आतंकी दिख रहे हैं। उनके हाथों में रॉकेट लांचर सहित अन्य आटोमैटिक हथियार है। वीडियो में हिज्ब के पूर्व आतंकी जाकिर मूसा को गद्दार करार देते हुए लोगों से उसका साथ न देने की अपील की गई है।
वायरल वीडियो में एक आतंकी यह कह रहा है कि पिछले ती महीनों के दौरान काफी भारी संख्या में आतंकी मारे जा चुके हैं और इतनी भारी संख्या में आतंकियों का मारा जाना इससे पहले कभी भी नहीं देखने को मिला है। वह यह भी कह रहा है कि इन सब आतंकियों को मरवाने वाला कोई और नहीं बल्कि दल बदली करने वाला जाकिर मूसा है।
विडियो में नकाब पहने आतंकी कह रहा है कि घाटी में बड़े-बड़े कमांडरों को मरवाने के एवज में मूसा ने भारतीय सरकार से मोटी पैसे लिए हैं।पहले उसने तालिबान-ए-कश्मीर बनाया और अब वो अंसार गज्वातुल हिन्द का सरगना बना बैठा है। गौरतलब है कि इस वीडियो के आखिर में वह लोगों से अपील कर रहा है कि गद्दार का साथ न दो, ऐसे गद्दारों का कश्मीर में कोई जगह नहीं। हालांकि इस वीडियो की अधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं हो पाई है।