राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को क्रालपोरा कुपवाड़ा में कार्रवाई की है। इस दौरान पाकिस्तान में मुठभेड़ में मारे गए हिजबुल मुजाहिदीन के सरगना बशीर अहमद पीर की संपत्ति कुर्क की है। वह 15 साल से पाकिस्तान में रह रहा था। रावलपिंडी में एक दुकान के बाहर अज्ञात हमलावरों ने उसकी हत्या कर दी।
एसएचओ और तहसीलदार क्रालपोरा के साथ एनआईए की एक टीम बाबरपोरा क्रालपोरा पहुंची और कार्रवाई को अंजाम दिया है। अधिकारियों ने बताया कि तहसील क्रालपोरा के एस्टेट बटपोरा में स्थित सर्वेक्षण संख्या 606, 619 और 620 के तहत 1.13 कनाल भूमि को गृह मंत्रालय के आदेश पर कुर्क किया गया है।
एनआईए के अनुसार, पीर उर्फ इम्तियाज आलम के बागपोरा व पंजगाम इलाके में तीन कनाल से अधिक के दो प्लॉट को जब्त किया गया। बता दें कि इससे पहले एनआईए ने श्रीनगर में अल अमर सरगना मुश्ताक जरगर लटरम तथा बारामुला में टीआरएफ हैंडलर बासित अहमद रेशी की संपत्ति को जब्त किया था।