स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (साइट) द्वारा लिए जा रहे नौवीं कक्षा के पेपर परीक्षा से पहले ही स्कूल से चोरी हो गए। सीईओ राजोरी अल्ताफ हुसैन चौधरी के अनुसार शनिवार को होने वाले हिंदी और उर्दू के प्रश्न पत्र चोरी होने के बाद परीक्षा को स्थगित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार शहर में लड़कों के सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल में पूरे जिले के साथ-साथ शनिवार को हिंदी और उर्दू विषय की परीक्षा थी। सीईओ के अनुसार सुबह जब परीक्षा लेने अधीक्षक व अन्य स्टाफ स्कूल पहुंचे, तो पाया कि हिंदी और उर्दू के पेपर खुले हैं। जांच करने पर पाया कि दोनों विषय का एक-एक प्रश्न पत्र गायब है।
इस पर तत्काल सीईओ राजोरी और डीसी को सूचित किया। स्कूल के जिस कमरे में प्रश्न पत्र रखे हुए थे, उसके ताले टूटे थे। कमरे के ताले तोड़ने के बाद अलमारी को तोड़ कर प्रश्न पत्र चोरी किया गया है।
स्कूल से प्रश्न पत्र चोरी होने के मामले का कड़ा संज्ञान लिया गया है। विभाग ने अपने स्तर पर जांच के निर्देश देने के अलावा थाने में एफआईआर भी दर्ज करवा दी है। इसके अलावा जम्मू स्थित साइट के प्रिंसिपल व शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है।