जम्मू। अखनूर-पुंछ हाईवे को फोरलेन करने के लिए 8.83 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण होगा। इस पर 5100 करोड़ खर्च होंगे। हाईवे के चौड़ीकरण से जहां लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी, वहीं सेना व सुरक्षा बलों को एलओसी तक साजो सामान जल्द पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 5100 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री विकास पैकेज के तहत मिलेंगे। इससे अखनूर से पुंछ तक हाइवे का दर्जा टू लेन से बढ़ाकर फोरलेन किया जाएगा। इससे जम्मू संभाग के दो जिलों राजोरी और पुंछ में विकास का नया आयाम भी स्थापित होगा। सड़क चौड़ीकरण कार्य में सरकारी भूमि के अलावा निजी भूमि का भी अधिग्रहण होगा और इस संबंध में तय नियमों के तहत मुआवजा भी जारी होगा।
केंद्र सरकार के सड़क, परिवहन और राजमार्ग विभाग के निदेशक राजेश गुप्ता की तरफ से जारी की गई अधिसूचना के तहत अखनूर से पुंछ तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य में सरकारी और निजी भूमि का अधिग्रहण किया जाना है। कुल मिलाकर 8.83 हेक्टेयर भूमि का सड़क निर्माण कार्य में अधिग्रहण किया जाएगा।
गांव डुगानी, कोटेरा जागीर, नारिया, संगपुर में लोगों की निजी भूमि का भी अधिग्रहण होगा। भूमि अधिग्रहण के बाद इस सड़क का निर्माण कार्य नेशनल हाइवे अथारिटी या फिर एनएचआईडीसीएल करेगी। इस संबंधी फैसला केंद्रीय परिवहन मंत्रालय लेगा। हालांकि जम्मूू से अखनूर तक सड़क के चौड़ीकरण का कार्य एनएचआईडीसीएल कर रही है।