प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जम्मू दौरे को लेकर भले ही संशय बना हुआ है, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल जोरावर सिंह आडिटोरियम को सुरक्षा टीम ने अपने घेरे में ले लिया है।
जहां 17 जुलाई को रियासत के पूर्व मंत्री व सांसद गिरधारी लाल डोगरा की जयंती पर समारोह का आयोजन होना है। समारोह में प्रधानमंत्री के आने की संभावना है। इसके अलावा केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली भी पहुंचेंगे।
अगले एक सप्ताह तक स्टेडियम के आसपास पैनी नजर रखने के लिए सुरक्षा टीमों को भी तैनात कर दिया गया है। शनिवार को एडीजीपी (सिक्योरिटी) वीके सिंह ने विश्वविद्यालय और पुलिस के आला अधिकारियों के साथ दो घंटे बैठक कर प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की सुरक्षा की समीक्षा की।
इस दौरान विश्वविद्यालय परिसर के अंदर और उसके बाहर निकलने वाले सभी रास्तों की समीक्षा की गई। साथ ही आपातकालीन समय में रूट डायवर्ट करने पर भी विचार किया गया।
एक उच्च पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभी पीएमओ से प्रधानमंत्री के दौरे के संबंध में लिखित सूचना नहीं पहुंची है, लेकिन उनके आने की संभावनाओं को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं।
यदि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम तय हो जाता है तो 14 जुलाई तक नई दिल्ली से स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी) पहुंच जाएगा और आयोजन स्थल को अपने घेरे में ले लेगा। बैठक में एयरपोर्ट से यूनिवर्सिटी तक आने के मार्ग की सुरक्षा की भी समीक्षा की गई।