- संजय परिहार और शहजाद अजीम हाईकोर्ट के जज नियुक्त
- 16 अप्रैल को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने की थी सिफारिश
जेएनएफ
जम्मू। केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय में दो वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी संजय परिहार और शहजाद अजीम को न्यायाधीश (जज) नियुक्त करने की अधिसूचना जारी की है। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने बीते 16 अप्रैल को ही दोनों के नामों की सिफारिश की थी।
संजय परिहार फिलहाल जम्मू में जम्मू-कश्मीर स्पेशल ट्रिब्यूनल में न्यायिक सदस्य के रूप में कार्यरत थे। उनका जन्म 19 दिसंबर 1968 को किश्तवाड़ जिले के हॉरना पलमार में हुआ। उन्होंने जम्मू विश्वविद्यालय से कानून की पढ़ाई की और1993 में वकालत शुरू कर दी। 1997 में वह मुंसिफ जज के रूप में नियुक्त हुए, 2000 में सब-जज बने और 2008 में जिला जज के पद पर पदोन्नत हुए। वह 18 महीने तक सुप्रीम कोर्ट में रजिस्ट्रार भी रहे हैं। वहीं शहजाद अजीम अभी तक जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट में रजिस्ट्रार जनरल के पद पर कार्यरत थे। जम्मू विश्वविद्यालय से स्नातक और एलएलबी करने के बाद उन्होंने वर्ष 2001 में वकालत शुरू की। 2011 में जिला जज के रूप में नियुक्त हुए। जम्मू डिवीजनल कंज्यूमर फोरम के अध्यक्ष, उच्च न्यायालय में रजिस्ट्रार आईटी व इंस्पेक्शन, रजिस्ट्रार विजिलेंस और न्यायिक अकादमी के निदेशक भी रहे हैं।
दोनों नियुक्तियों के साथ जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट में कुल कार्यरत जजों की संख्या अब 15 हो गई है। हाईकोर्ट में अभी भी दस पद रिक्त हैं, जिनमें से एक पद जिला एवं सत्र न्यायाधीशों में से और शेष नौ पद वरिष्ठ अधिवक्ताओं में से भरे जा सकते हैं।