सेना, एसएसबी और पुलिस ने संयुक्त अभियान में डोडा के अमराई नाला के पास एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त कर भारी मात्रा में हथियार बरामद किए हैं। आतंकी ठिकाने से एक एके-47 राइफल, चार 12 बोर की राइफल, एक पिस्टल, चार एके-47 मैगजीन, दो एसएलआर मैगजीन, 7.62 एमएम एके-47 के 150 राउंड, एक चीनी हैंड ग्रेनेड, एक प्रेशर स्टोव व अन्य सामान बरामद हुआ।
बताया जाता है कि उक्त ठिकाना हिजबुल मुजाहिदीन के एक सक्रिय आतंकी का है। क्षेत्र में भारी बर्फबारी होने के साथ ही काफी ठंड होने के कारण भी यहां पहुंचना कठिन है। क्षेत्र में बड़ी-बड़ी प्राकृतिक गुफाएं भी हैं। सुरक्षा बलों की टीम ने एक दिन पैदल सफर करने के बाद जंगलों में रात बिताई और अगले दिन अभियान को अंजाम दिया।
इस अभियान में सेना की डेल्टा फोर्स के अलावा सशस्त्र सीमा बल की 42वीं वाहिनी के सब इंस्पेक्टर व 10 जवान और जेएंडके पुलिस के एक सब इंस्पेक्टर व छह पुलिसकर्मी शामिल थे। इस अभियान को सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।