गांदरबल जिले के कंगन में ऊंची पहाड़ी चोटियों पर सुरक्षा बलों ने आतंकी ठिकाना ध्वस्त करने में सफलता हासिल की। ठिकाने से सात किलो के प्रेशर कुकर आईईडी सहित हथियार और गोला बारूद भी बरामद किए गए। बम निरोधक दस्ते ने आईईडी को निष्क्रिय कर दिया।
खुफिया सूचना के आधार पर सीआरपीएफ की 118 बटालियन और एसओजी कंगन ने पोशकर गांव के जंगलों में सर्च आपरेशन शुरू किया। 9500 फीट की ऊंचाई पर आतंकी ठिकाना खोजने में सुरक्षा बलों को कामयाबी मिली।
यहां से आईईडी के अलावा, एक एके 47 रायफल मैगजीन, 30 कारतूस, दो यूबीजीएल ग्रेनेड, जापान निर्मित ट्रांस रिसीवर, एक एंटिना, छह पेंसिल बैटरी तथा तीन कंबल बरामद किए गए।
इसके साथ ही ताजा फूड पैकेट भी मौके से मिले। सीआरपीएफ के कमांडेंट पीके साहू के अनुसार आतंकियों ने सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रखी हुई थी और उनके पहुंचने से पहले ही मौके से भाग निकले।