रियासत में शुक्रवार को सीजन की पहली भारी बर्फबारी और जोरदार बारिश से जनजीवन पटरी से उतर गया। जवाहर टनल के साथ उधमपुर और रामबन जिले के विभिन्न स्थानों पर बर्फबारी से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग को शुक्रवार सुबह सात बजे से यातायात के लिए बंद कर दिया गया। दोनों ओर से सैकड़ों वाहन रास्ते में फंस गए हैं। मुगल रोड भी बंद है।
श्रीनगर-लेह मार्ग पहले से ही बंद कर दिया गया है। रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। राज्य के तीनों हिस्सों जम्मू, कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों में बर्फबारी और बारिश से पारा गिर गया। जम्मू में दिनभर बारिश के साथ ओले गिरे। श्री माता वैष्णो देवी की त्रिकुटा पहाड़ियों पर सफेद चादर बिछी। खराब मौसम से कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा बाधित रही।
श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सभी 24 उड़ानें रद करनी पड़ीं। बर्फबारी से पहाड़ी इलाकों में बिजली ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है। राज्य में अगले 48 घंटों में भी बर्फबारी और बारिश के आसार हैं।
विश्वविख्यात पर्यटक स्थल गुलमर्ग में तीन और जवाहर टनल पर दो फीट बर्फ गिरी है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार श्रीनगर में पिछले चौबीस घंटों में 17 सेंटीमीटर, काजीगुंड में 5, पहलगाम में 13, कुपवाड़ा में 5 और कोकरनाग में 4 सेंटीमीटर बर्फ गिरी। घाटी के पर्वतीय इलाकों में केरन, मचैल, करनाह, गुरेज, शोपियां, सोनामर्ग और अमरनाथ गुफा में रुक रुक कर बर्फबारी जारी है।
हिमस्खलन की चेतावनी
बर्फबारी के बीच से गुजरता वाहन
- फोटो : AMAR UJALA
श्रीनगर में लगातार बर्फबारी और बारिश से दिन का पारा सामान्य से छह डिग्री लुढ़ककर 0.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो इस सीजन का रिकार्ड स्तर रहा। भारी बर्फबारी को ध्यान में रखते हुए घाटी के हर जिले में प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं। जम्मू संभाग के भी अधिकांश हिस्सों में पारा गिर गया है।
नत्थाटाप, पत्नीटाप के अलावा किश्तवाड़ शहर में बर्फबारी हुई। भद्रवाह और डोडा में भी बर्फबारी जारी है। जिला राजोरी, पुंछ के पहाड़ी इलाकों में भी यही हाल है। जिला कठुआ के अधिकांश पर्वतीय इलाकों में भी बर्फबारी हुई है।
स्नो एंड एवलांच स्टडी सेंटर चंडीगढ़ ने शनिवार को भी कश्मीर के बारामुला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा और जम्मू संभाग के किश्तवाड़, राजोरी, डोडा, पुंछ और रियासी जिलों के पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। क्षेत्रवासियों को प्रभावित इलाकों से दूर रहकर घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।
कश्मीर विवि की परीक्षाएं स्थगित
भारी बर्फबारी और बारिश को देखते हुए कश्मीर विश्वविद्यालय प्रशासन ने आगामी 7 और 8 जनवरी को होने वाली सभी परीक्षाओं को स्थगित कर दिया है। जम्मू-श्रीनगर हाईवे के साथ हवाई सेवा बंद रहने से यह फैसला लिया गया है। दो दिन बाद मौसम को देखते हुए आगामी परीक्षाओं पर फैसला लिया जाएगा।