बाबा बर्फानी की यात्रा के लिए हेलीकाप्टर की आनलाइन बुकिंग अप्रैल के आखिरी सप्ताह से शुरू होने जा रही है। हेलीकाप्टर बुकिंग करवाने वाले श्रद्धालुओं को यात्रा पंजीकरण नहीं करवाना होगा, लेकिन स्वास्थ्य प्रमाण पत्र अनिवार्य होगा।
श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने नीलग्रथ बालटाल से पंजतरणी के बीच यूटी एयर और ग्लोबल वेक्टरा ने हेलीकाप्टर सेवा उपलब्ध करवाने का प्रबंध किया है, जबकि पहलगाम से पंजतरणी के बीच हिमालयन हेली सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के हेलीकाप्टर उपलब्ध रहेंगे।
खास बात यह है कि पिछले साल के मुकाबले इस बार श्रद्धालुओं को हेलीकाप्टर सेवा के लिए नीलग्रथ बालटाल पंजतरणी रूट पर प्रति श्रद्धालु एक तरफ के 1715 रुपये चुकाने होंगे। इसके साथ ही पहलगाम से पंजतरणी रूट पर हेलीकाप्टर की एक तरफ की सवारी 2950 रुपये में उपलब्ध रहेगी। उल्लेखनीय है कि 29 जून से शुरू होने वाली बाबा अमरनाथ बर्फानी की वार्षिक यात्रा सात अगस्त तक जारी रहेगी।