सतवारी-एयरपोर्ट रोड़ पर लगा जाम
- फोटो : अमर उजाला
तमाम कोशिशों के बावजूद शहर में पीक टाइम में यातायात पुलिस जाम की समस्या का तोड़ नहीं निकाल पा रही। यातायात बाधित होने से एयरपोर्ट रोड पर सुबह के वक्त तीन से चार किलोमीटर तक लंबा जाम लग रहा है। सुबह नौ से 10 बजे के बीच इतनी ट्रैफिक होती है कि नौकरी पेशा पर जाने वाले अकसर लेट हो जाते हैं। यही नहीं, एयरपोर्ट के गेट के बाहर सड़कों पर ही वाहनों को पार्क कर दिया जाता है। ऐसा करने में सरकारी काफिले तक शामिल हैं।
एयरपोर्ट पर आने वाले वीआईपी को लेने जाने वाली गाड़ियां सड़क पर ही खड़ी कर दी जाती हैं। इससे जाम लग जाता है। यातायात पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में भी सुबह के वक्त जाम लग रहा है। शहर के बीसी रोड, कनाल रोड आदि में भी पीक टाइम पर यही समस्या रहती है। बारिश के वक्त भी शहर में कई जगहों पर यातायात प्रभावित हो रहा है।
यह भी पढ़ें- शोपियां मुठभेड़ : आतंकी का चार साल का बेटा बोला आप बाहर आ जाओ, हमें आपकी बहुत याद आती है
एयरपोर्ट अथॉरिटी से बात की है कि इस समस्या को लेकर कोई कदम उठाएं। जो वाहन एयरपोर्ट के बाहर खड़े रहते हैं, उनको अंदर पार्क करवाया जाएगा। पार्किंग भी बन रही है, जहां पर आने वाले लोग अपने वाहनों को पार्क कर सकेंगे। बहुत जल्द इस समस्या से निजात मिल जाएगी।
-शिव कुमार, एसएसपी, ट्रैफिक पुलिस, जम्मू