रियासत पूरी तरह से कड़ाके की ठंड की चपेट में है। लद्दाख और कश्मीर के अधिकतर इलाकों में पारा लगातार सामान्य से नीचे चल रहा है। सोमवार को कश्मीर के गुलमर्ग और सोनमर्ग के अलावा जिला कठुआ के बनी इलाके में जोड़े माता की पहाड़ियों, सरथल और मंदी धार इलाके में हल्की बर्फबारी हुई। कुपवाड़ा में 0.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। किश्तवाड़ में भी बूंदाबांदी हुई।
सोमवार सुबह कश्मीर संभाग में बादल छाए रहे। जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में दिनभर कोहरे का असर रहा। दोपहर में कुछ देर के लिए हल्की धूप खिली, पर फिर कोहरा छा गया। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटों में राज्य के मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश तथा पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी होने की उम्मीद है।
श्रीनगर में अधिकतम तापमान 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम आंका गया। जबकि न्यूनतम तापमान माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस रहा। लेह का अधिकतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम माइनस 8.8 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में अधिकतम तापमान 13.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा।