अरनिया। क्षेत्र में वीरवार सुबह हुई झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली और खेत भी जलमग्न हो गए। सात बजे के करीब घने बादलों और गर्जना के साथ तेज बारिश गिरना शुरू हुई। मात्र पांच मिनट के बाद ही गलियों और खेतों में जल भराव होना शुरू हो गया। बेशक लोगों को इस बारिश की कोई उम्मीद नहीं थी, लेकिन उम्मीद के विपरीत इस बारिश ने काफी राहत पहुंचाई है।
स्थानीय किसानों के अनुसार जून माह के पहले हफ्ते में इससे पहले कभी भी मूसलाधार बारिश नहीं देखी। यह पहला मौका है जब लगातार छह घंटों तक बारिश गिरती रही। बबली चाढ़क, राज कुमार, रमन सिंह, तीर्थ राम, गुरमीत सिंह, विजय कुमार, आदि किसानों का कहना है कि इतनी मात्रा में बारिश गिरने से फिलहाल उन्हें इतना लाभ नहीं मिल पाया है, क्योंकि अभी धान की पनीरी तैयार नहीं हो पाई है। फिर भी रोपाई के लिए खेतों को तैयार करने में जरूर लाभ मिला है।