कश्मीर घाटी में वीरवार देर रात आठ बजे मौसम में बारिश तथा ओले गिरने से बदलाव आया। दिन में जहां तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई थी वहीं रात में पारा लुढ़क गया। मौसम विभाग ने 19 जुलाई तक घाटी में बारिश की संभावना व्यक्त की है। श्रीनगर में वीरवार सुबह से अच्छी धूप खिली और मौसम गर्म बना रहा। दिन बढ़ते ही तपिश बढ़ने लगी और गर्मी महसूस की जाने लगी।
तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था जबकि न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग द्वारा घाटी समेत राज्य के अधिकतर हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।
विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने बताया कि 17 और 18 जुलाई को घाटी के अधिकतर हिस्सों में मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना है। जबकि इन दो दिनों के दौरान जम्मू संभाग के लिए चेतावनी जारी करते हुए उन्होंने कहा कि इस दौरान जम्मू संभाग में लगातार मूसलाधार बारिश की संभावना है। उन्होंने कहा कि 19 जुलाई तक राज्य में बारिशों का दौर जारी रहेगा।