घर की छत फाड़कर कमरे में गिरा मोर्टार
- फोटो : Amar Ujala
पाकिस्तान ने बुधवार की रात को अरनिया सेक्टर में भारी गोलाबारी की। इससे अरनिया कसबे में महिला समेत दो ग्रामीण जख्मी हो गए। एक कच्चे मकान पर गिरा मोर्टार का शेल फटा नहीं, जिसे बम निरोधक दस्ते ने निष्क्रिय कर दिया। अरनिया सेक्टर के सीमावर्ती गांवों के शेष 15 से 20 प्रतिशत ग्रामीणों ने भी वीरवार को विस्थापन शुरू कर दिया है।
कुछ लोग ही मवेशियों की देखभाल के लिए गांवों में हैं। सूत्रों के अनुसार बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की हरपाल पोस्ट पर तैनात पाकिस्तान का एक रेंजर ढेर हो गया है। साथ ही पाकिस्तान के पांच नागरिकों के जख्मी होने की खबर है।
अरनिया सेक्टर में बीएसएफ की सभी चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी की गई। रिहायशी इलाकों में भी लगातार गोले गिरे। खेतों में जगह-जगह मोर्टार के शेल पड़े हैं। अरनिया कसबे के वार्ड नंबर पांच (कांशीपुर) निवासी रक्षपाल चंद की छत पर एक गोला गिरा। गोला छत को फाड़कर कमरे में अंदर जा गिरा। इसमें जितेंद्र सिंह (32) और राज रानी (75) जख्मी हो गईं। दोनों को पीएचसी अरनिया में भर्ती कराया गया है।