राजोरी जिले की बुद्धल तहसील के सिल ढोक क्षेत्र में सेना ने आईईडी सहित भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद कर बड़ी आतंकी साजिश का नाकाम कर दिया। बुद्धल के समोट स्थित सेना 60 राष्ट्रीय रायफल बटालियन को सूचना मिली थी कि घाटी से बुद्धल आने-जाने वाले पैदल रास्ते के बीच पड़ने वाली सिल ढोक में कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी जा रही है।
सोमवार को सेना ने उक्त क्षेत्र में बढ़े पैमाने पर तलाशी अभियान छेड़ा। इस दौरान जंगल में एक स्थान पर विस्फोटक का जखीरा बरामद कर लिया गया। सेना के जवानों ने उक्त स्थान से 3 किलो, 7 किलो और 9 किलो की तीन आईईडी सहित करीब 10 किलो आईईडी पाउडर बरामद किया है। एक एके 56 व एक एके 47 के अलावा 5 एके मैगजीन और 97 एके राउंड भी बरामद किए हैं।
सूत्रों के अनुसार आतंकी तबाही का यह सामान बुद्धल की ओर लेकर आ रहे थे। ढोक में आतंकियों के छिपे होने की भी आशंका है। सेना ने क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है। गौरतलब है कि सर्दियों के मौसम में ढोक में भारी बर्फ गिरने से रास्ते बंद हो जाते हैं। बर्फबारी से पहले आतंकी विस्फोटक व अन्य गोला-बारूद सहित निचले इलाकों में चले आते हैं। बुद्धल से कश्मीर घाटी का पैदा रास्ता मात्र 8 घंटे का है।