जिले के विभिन्न हिस्सों में वीरवार को मयखानों के बाहर लोगों की खूब भीड़ उमड़ी। लोग अपनी बारी आने के इंतजार में एक-दूसरे को धक्के लगा रहे थे, क्योंकि उनको पता था कि शाम चार बजे के बाद सभी मयखानों पर दो दिन के लिए ताला लग जाएगा। आखिरकार लोगों ने धक्के खाकर शराब का इंतजाम कर लिया।
20 दिसंबर को होने वाले मतदान के चलते प्रशासन की तरफ से आदेश जारी किए हैं कि वीरवार शाम चार बजे के बाद मयखाने नहीं खुलेंगे। यह पाबंदी शनिवार को चुनाव के दिन तक जारी रहेगी। दो दिन तक पीने वालों को जाम उठाने का मौका नहीं मिलेगा।
इसी को ध्यान में रखते हुए अमली लोग दो दिन का स्टाक एक दिन में खरीदने के लिए मयखानों के बाहर पहुंच गए। जब मौका मिला तो दो दिन का स्टाक एक साथ खरीदकर बाहर निकलने पर इनके चेहरे पर मुस्कान देखते ही बनती थी। यह नजारा जिले के शहर और ग्रामीण इलाकों में स्थित मयखानों के बाहर देखने को मिला।