सांबा। प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को पटरी पर लाने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि आम लोगों को सभी सुविधाएं उनके क्षेत्र के अस्पतालों में ही मिल सकें। इसी संदर्भ में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को जिला अस्पताल में जच्चा-बच्चा आईसीयू वार्ड का ऑनलाइन नींव का पत्थर रखा।
इस अवसर पर एडीडीसी, सीएमओ डॉ. संजे तुर्की व चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विनोद शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि जिला अस्पताल में सुविधाओं की कमी के चलते प्रसव के दौरान गंभीर हालत में महिलाओं को जम्मु रेफर करना पड़ता है। ऐसे में जच्चा-बच्चा को नुकसान उठाना पड़ता है। जिला अस्पताल में जच्चा-बच्चा आईसीयू वार्ड के बनने से प्रसव के बाद गंभीर रूप से महिला व बच्चों को सही उपचार मिल सकेगा। वही आठ बिस्तर का अलग से आईसीयू वार्ड भी बनाया जाएगा, जिसमें बिना वेंटिलेटर के मरीजों का उपचार हो सकेगा।