संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। देश सहित प्रदेश में कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देश पर सोमवार को स्वास्थ्य केंद्रों मॉकड्रिल कर तैयारियां पुख्ता की गईं। इसी कड़ी में जिला अस्पताल सांबा में हुई मॉकड्रिल में एक-एक उपकरण व ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र की गहनता से जांच की गई। इसका आयोजन चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहिन्द्र कुमार की देखरेख में हुआ।
मॉकड्रिल में ऑक्सीजन उत्पादन संयंत्र की कार्यक्षमता, कोविड वार्ड में लगे उपकरणों की कार्यप्रणाली, वार्ड की साफ-सफाई के साथ ही वेंटिलेटर की जांच की गई। साथ ही प्रबंधन को उन्हें चालू हालत में रखने के निर्देश दिए गए। रसद की उपलब्धता की भी जांच की गई। जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. मोहिन्द्र कुमार ने बताया कि कोरोना पर काबू पाने के लिए जिला अस्पताल पूरी तरह से सक्षम है। आम लोगों को भयभीत होने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब रहे कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अस्पतालों में काफी अफरा-तफरी का माहौल था। कहीं ऑक्सीजन की कमी थी तो कहीं वेंटिलेटर बंद पड़े थे। लोग ऑक्सीजन सिलिंडर खरीद कर घरों में जमा करने लगे थे। मौजूदा समय में फिर से मामले बढ़ने लगे हैं, जिस कारण स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियों को पुख्ता करना शुरू कर दिया है।