रियासी। म्यूनिसिपल कमेटी (एमसी) कार्यालय में इंडियन सिस्टम ऑफ मेडिसन की तरफ से गांधी ग्लोबल फैमिली के सहयोग से शिविर का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ डीसी अजय कुमार ने किया। शिविर में कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ ही शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए भी जागरूक किया गया।
आइएसएम के नोडल अफसर डॉक्टर रविंद्र कुमार पंडिता के दिशानिर्देश पर लाइजन अफसर डॉक्टर गौरी करलूपिया के नेतृत्व में टीम ने कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच की। वहीं, दवाइयां भी वितरित की गईं। डॉक्टर गौरी करलूपिया और गांधी ग्लोबल फैमिली के सलाहकार तारिक भट्ट ने कर्मियों को शारीरिक क्षमता बढ़ाने के लिए जागरूक किया, ताकि कोरोना से बचा जा सके। डीसी ने लोगों को मास्क लगाने और जारी दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा है। शिविर में एमसी चेयरमैन सुदेश कुमार पुरी सहित पार्षद और कर्मचारी मौजूद रहे।