-बिना बताए सिविल सचिवालय जम्मू में घूमते पाए गए
- प्रिंसिपल ने वेतन रोका, जारी किया शोकॉज नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
राजोरी। जीएमसी राजोरी में एचओडी सर्जरी डॉ. जाकिर हुसैन को बिना अनुमति स्टेशन छोड़ने व कर्तव्य में लापरवाही पर वेतन रोकने के साथ शोकाॅज नोटिस जारी किया गया है। प्रिंसिपल डॉ. एएस भाटिया ने आदेश जारी कर बताया कि डॉ. जाकिर ने शुक्रवार सुबह 9:30 बजे बायोमिट्रिक पोर्टल पर उपस्थिति दर्ज की और 9:31 बजे बिना बताए स्टेशन छोड़ दिया।
डॉ जाकिर कार्य समय के दौरान बिना किसी स्वीकृत अवकाश, आधिकारिक कार्य अथवा सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के सिविल सचिवालय जम्मू में घूमते पाए गए। प्रिंसिपल ने बताया कि डॉ. जाकिर को पूर्व में भी इस प्रकार की गतिविधियों से बाज आने के लिए नोटिस से चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद उन्होंने अपने आचरण में सुधार नहीं किया। डॉक्टर के बार-बार के कृत्य एक कठोर व गैर जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाते हैं जो रोगी देखभाल और संस्थागत जिम्मेदारियों के प्रति अनुचित हैं। डाॅ. भाटिया ने इस प्रकार से लापरवाही बरतने का कड़ा संज्ञान लेते हुए डॉक्टर को निर्देश दिए कि वह यह स्पष्ट करें कि उपर्युक्त त्रुटियों के लिए जम्मू-कश्मीर सिविल सेवा नियम तथा जम्मू-कश्मीर सरकारी कर्मचारी आचरण नियमों के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत आपके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई क्यों न प्रारंभ की जाए।
डॉक्टर को निर्देश दिया गया कि उनका लिखित उत्तर/स्पष्टीकरण इस नोटिस के जारी होने के एक दिन के भीतर पर प्रिंसिपल कार्यालय में अवश्य पहुंच जाना चाहिए। ऐसा न करने पर यह मान लिया जाएगा कि डॉक्टर के पास अपने बचाव में कुछ भी कहने के लिए नहीं है। तत्पश्चात प्रचलित नियमों के अंतर्गत एकतरफा कार्रवाई आरंभ कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त वित्तीय सलाहकार मुख्य लेखा अधिकारी को निर्देशित किया जाता है कि डॉ. जाकिर हुसैन का वेतन अगले आदेश तक रोक दिया जाए।