उधमपुर। मौसम के बदलते मिजाज के चलते जीएमसी में वायरल बुखार, खांसी, जुकाम व शरीर में दर्द को लेकर लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं। अस्पताल में जहां पहले 100 से 120 बच्चाें की ओपीडी होती थी, वहीं अब इसकी संख्या 180 के करीब पहुंच गई है।
बदले मौसम के कारण बुजुर्ग भी इसका शिकार हो रहे हैं। वहीं अस्पताल में आने वाले लोगों को डाक्टरों की ओर से विभिन्न बीमारियों से बचने के लिए सावधानियाें के साथ-साथ जागरूक भी किया जा रहा है। इन दिनों काफी संख्या में छोटे बच्चों के अभिभावक बच्चों को लेकर इलाज के लिए अस्पताल आ रहे हैं। इसमें ज्यादातर बच्चे खांसी, जुकाम और वायरल बुखार से पीड़ित हैं। हालांकि डाॅक्टर कई बच्चों को दवाइयां देने के साथ ही उनके माता-पिता को इस ठंड से बच्चों को बचाने के साथ ही अन्य प्रकार की सावधानियां बरतने की सलाह दे रहे हैं। गौरतलब है कि एक माह पहले से ओपीडी से इस माह में ओपीडी में भी इजाफा हुआ है। उधर, मौजूदा समय में जिस तरह से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है, उसके चलते पहले से अस्थमा और एलर्जी के मरीजों की संख्या में भी करीब 30 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है।
इस मौसम में बीमारी से बचने के लिए यह बरतें सावधानियां
जिस तरह से सुबह और शाम ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है। उसके चलते अभिभावक छोटे बच्चों को ठंड में लेकर न जाएं। इसके अलावा लगातार हाथ साफ रखें। फास्ट फूड से परहेज रखें। गर्म कपड़े पहनें। पानी को उबाल कर पीएं ताकि हम खुद व अपने बच्चों को बीमारियों से बचा सकें।
इस संदर्भ में बच्चों के विशेषज्ञ डॉ. दीपक ने बताया कि मौसम के बदले मिजाज के चलते इस समय खासतौर पर छोटे बच्चे वायरल बुखार, खांसी और जुकाम को लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस समय बच्चों की ओपीडी में भी बढ़ोतरी हुई है।
फोटो सहित