-माता वैष्णो लोक कल्याण संस्थान की पहल, सिक्योरिटी जमा कराने पर मिलेगा जरूरी सामान
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। घरों में उपचाराधीन मरीजों की देखभाल करने वाले परिवारों को अब जरूरी चिकित्सा सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध होंगी। माता वैष्णो लोक कल्याण संस्थान ने अंबफला स्थित त्रिकुटा यात्री निवास में यह पहल शुरू की है। बुधवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जम्मू-कश्मीर प्रांत के संघचालक डॉ. गौतम मैंगी ने संस्थान के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता की उपस्थिति में इस सेवा का शुभारंभ किया।
डॉ. मैंगी ने कहा कि उनकी कामना है कि किसी को भी ऐसी सुविधाओं की जरूरत न पड़े, लेकिन जीवन में सुख-दुख आते रहते हैं। ऐसे में समाज और मानव सेवा के उद्देश्य से संस्थान की ओर से शुरू की गई यह पहल सराहनीय है। संस्थान के अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने बताया कि इस पहल के तहत घरों में गंभीर रूप से बीमार मरीजों के लिए अस्पताल के बेड, बिस्तर पर रहने वाले मरीजों के लिए एयर मैट्रेस और ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध करवाए जाएंगे। घर में किसी व्यक्ति के निधन पर अंतिम संस्कार से जुड़ी व्यवस्थाओं के दौरान दस दिनों तक इस्तेमाल के लिए गद्दे भी दिए जाएंगे। इसके लिए मात्र सिक्योरिटी जमा करवानी होगी।
उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं के लिए केवल सिक्योरिटी राशि जमा करवानी होगी। सामान के इस्तेमाल के लिए कोई किराया नहीं लिया जाएगा। सामान वापस करने पर संबंधित व्यक्ति को सिक्योरिटी राशि लौटा दी जाएगी। इससे जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक राहत मिलने के साथ मरीजों की देखभाल में भी मदद मिलेगी।
माता वैष्णो लोक कल्याण संस्थान के अंतर्गत त्रिकुटा यात्री निवास का निर्माण किया गया है। इसमें 23 कमरे हैं। यहां शहर के बाहरी क्षेत्रों और दूरदराज इलाकों से आने वाले जरूरतमंद लोग, विशेषकर उपचाराधीन मरीज और उनके ठहरने की सुविधा का लाभ उठा रहे हैं। कार्यक्रम में संस्थान के ट्रस्टी आरसी गुप्ता, विनोद गुप्ता, नागरमल गुप्ता, अजय भारती,सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।