जम्मू। जम्मू-कश्मीर में नौ से 15 साल तक की पांच लाख लड़कियों को गर्भाश्य ग्रीवा कैंसर से बचाने के लिए निशुल्क टीका लगेगा। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के चिकित्सा केंद्रों पर यह टीका लगेगा। स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तूू ने मंगलवार को टीकाकरण का शुभारंभ किया।
गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के लिए ह्यूमन पेपिलोमावायरस वैक्सीन (एचपीवी) दी जाती है। नौ से 15 आयु वर्ग में इसे सबसे ज्यादा प्रभावी माना जाता है। वर्तमान में टीके की सुविधा राज्य कैंसर संस्थान जम्मू में थी, लेकिन इसके लिए पैसा देना पड़ता था। अब यह टीका निशुल्क लगने से प्रदेश में कैंसर होने की संभावना कम होगी।
प्रदेश में 2023 में गर्भाशय कैंसर के 684 मामले आए थे। हर वर्ष मामले बढ़ रहे हैं जो चिंता का कारण है। मंगलवार को राज्य कैंसर संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर बड़ी समस्या है। पांच लाख लड़कियों को टीकाकरण का लक्ष्य पूरा कर लेंगे। विशेषज्ञों की टीम टीकाकरण करेंगी। इसके किसी तरह का दुष्प्रभाव नहीं है। डॉक्टरों ने कहा, भारत में 1.30 लाख मामले गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के हैं। इसे जम्मू-कश्मीर में टीकाकरण से रोका जा सकता है। ब्यूरो