खुद का ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदेगी मीट मार्केट मोहल्ला एसोसिएशन
- अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडरों की कमी, मौतों का ग्राफ बढ़ रहा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडरों की भारी कमी चल रही है। इस कारण कोरोना मरीज बिना ऑक्सीजन के दम तोड़ रहे हैं। अब मोती बाजार स्थित मीट मार्केट मोहल्ले के लोगों ने खुद ही ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने का फैसला किया है। पहले चरण में तीन से चार सिलेंडर खरीदे जाएंगे। इसे मोहल्लों के जरूरतमंद लोगाें को मुहैया करवाया जाएगा। हर माह एक सिलेंडर की खरीदारी होगी। इससे जरूरत पड़ने पर लोगों की जान को बचाया जा सकेगा। यह सुविधा केवल मोहल्ले के लोगों को ही मिलेगी। इसी तरह अन्य बाजारों और मोहल्लों में भी ऑक्सीजन सिलेंडर खरीदने के लिए रणनीति बननी शुरू हो गई है।
मोती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष चंदन गुप्ता ने बताया कि अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं। अपने सिलेंडर खरीद करने का फैसला लिया गया है। इससे कारोना संक्रमण के दौरान बचा जा सकेगा। ऑक्सीजन सिलेंडर के लिए एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल नहीं भागना पड़ेगा। अभी थोड़े दिन पहले ही उनके एक रिश्तेदार की ऑक्सीजन की कमी के चलते मौत हो गई। मोहल्ले के रहने वाले केबल किशन गुप्ता ने बताया कि यह पहल सब मोहल्लों में होनी चाहिए। इससे जान बच सकती है। अस्पतालों में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था नहीं हो रही है। इस कारण मरीजों को परेशानी आ रही है।