जम्मू। सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की भूमि पर शीघ्र 100 बिस्तर वाले राज्य कैंसर संस्थान का निर्माण शुरू होगा। इसके केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने 120 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। केंद्र ने लगभग 43 करोड़ रुपये की धनराशि जारी भी कर दी है। वित्तीय सहायता के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना को मूर्त रूप देने के लिए विभाग सभी जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने में जुट गया है। राज्यपाल सत्यपाल मलिक 14 सितंबर को कन्वेंशन सेंटर जम्मू में एक कार्यक्रम में राज्य कैंसर संस्थान का नींव पत्थर रखेंगे। इसके साथ श्रीनगर में स्किम्स सौरा में एक राज्य कैंसर संस्थान का निर्माण किया जाना है।
राज्य कैंसर संस्थान में रेडिएशन ऑन्कोलॉजी, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, सर्जिकल ऑन्कोलॉजी, आईसीयू, पैलिएटिव केयर सर्विसेज, कैंसर पुनर्वास सेवाएं, कैंसर मनोरोग सेवा आदि यूनिट स्थापित किए जाएंगे। चार मंजिला इस भवन में अत्याधुनिक उपकरण में लीनियर एक्सलरेटर, पीईटी स्कैन, ब्रैकीथेरेपी, 4डी सीटी सिम्युलेटर के साथ-साथ पैथोलॉजी लैब आदि स्थापित किए जाएंगे। जम्मू में आधुनिक कैंसर चिकित्सा सुविधाएं विकसित होने से रोगियों को विशेष रूप से पीईटी स्कैन सुविधा के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा। राज्य कैंसर संस्थान की कवायद 2014 में शुरू की गई थी। जिसमें वर्ष 2018 के अंत में दोनों इंस्टीट्यूट को मंजूरी मिली थी। लेकिन जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने में देरी हो गई। इस प्रोजेक्ट का नान कम्यूनिकेबल कंट्रोल आफ स्ट्रोक, डायबिटीज और कैंसर प्रोग्राम के तहत निर्माण किया जाना है। क्षेत्रीय कैंसर संस्थान जीएमसी के एचओडी व नोडल अधिकारी डॉ. आशुतोष गुप्ता ने कहा कि राज्य कैंसर संस्थान का निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
------------
एक लाख की आबादी पर 150 कैंसर के मामले
जम्मू कश्मीर में एक लाख की आबादी पर औसतन 150 कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं। इसमें भी बड़ी संख्या में ऐसे मामले भी हैं जो अस्पतालों में रिपोर्ट नहीं हो रहे हैं। तंबाकू पदार्थों के सेवन से युवाओं में मुंह और गले (थ्रोट) के कैंसर की शिकायत बढ़ी है। जम्मू संभाग में हर साल कैंसर के करीब 2500 नए मामले आ रहे हैं। पुरुषों में मुंह, गले के बाद फेफड़े, फूड पाइप और मैदे का कैंसर सामान्य है। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर की समस्या बढ़ी है। कैंसर के मामलों में जम्मू जिला सबसे आगे है। इसके बाद पुंछ, राजोरी, किश्तवाड़, डोडा, कठुआ, सांबा आदि क्षेत्रों के लोग कैंसर से पीड़ित हो रहे हैं। पिछले सात साल में राज्य के सरकारी अस्पतालों में करीब 30 हजार कैंसर के मरीज भर्ती हुए हैं।
-------------
रियासत में कैंसर के मामले (यह रिपोर्ट 2018 में जम्मू-कश्मीर हाउस में पेश की गई)
2011 3057
2012 3288
2013 3157
2014 3940
2015 4275
2016 4976
2017 5731