जम्मू। पुलिसकर्मियों के लिए नरवाल मंडी स्थित किसान घर में कोविड केयर सुविधा केंद्र खोला गया है। यहां कोरोना पीड़ित मरीजों के लिए 22 कमरे रखे गए हैं। जरूरत पड़ने पर यह संख्या बढ़ाई जाएगी। इसी प्रकार का केंद्र श्रीनगर में भी स्थापित किया जाएगा।
डीजीपी दिलबाग सिंह ने रविवार को केंद्र का दौरा कर व्यवस्थाओं व उपलब्ध सुविधाओं की जांच की। उन्हें बताया गया कि यहां ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, सिलिंडर, एंबुलेंस तथा बुनियादी इलाज की व्यवस्था है। चौबीस घंटे मेडिकल स्टाफ भी उपलब्ध रहेगा। डीजीपी ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात ड्यूटी में लगे रहते हैं। इससे उनके कोरोना संक्रमित होने का खतरा अधिक बना रहता है। दूसरी लहर में प्रभावित पुलिसकर्मियों को बुनियादी सुविधा मुहैया कराने के लिए यह केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय प्रशासन को कोरोना से जंग में हर प्रकार का सहयोग दिया जाना चाहिए। उन्होंने कम समय में केंद्र स्थापित किए जाने के लिए पूरे स्टाफ की सराहना की। उनके साथ एडीजी मुकेश सिंह, एसएसपी चंदन कोहली, एआईजी टेक्निकल राहुल मलिक, चिकित्सा अधीक्षक पुलिस अस्पताल डा. पूनम महाजन आदि थे।