जम्मू। मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने रविवार को जम्मू जिले के गाडीगढ़ का दौरा कर निर्माणाधीन प्राथमिक चिकित्सा केंद्र के चल रहे कार्य की प्रगति के अलावा बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए लंडोई चोई नाला के पुल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मंडलायुक्त ने कार्यकारी अभियंता को निर्देश दिए कि वह पीएचसी इमारत के शेष कार्य को जल्द पूरा करें ताकि 30 सितंबर तक इसको शुरू किया जा सके।
वहीं लंडोई चोई नाला पर पुल की हालत का निरीक्षण करने के बाद मंडलायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर को निर्देश दिए कि वह पुल के निर्माण के लिए परियोजना रिपोर्ट तैयार करें। साथ ही इसे जल्द से जल्द पूरा कराएं ताकि कई गांव के लोगों को सतवारी से आरएस पुरा सड़क तक पहुंचने में परेशानी का सामना न करना पड़े। वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पुराने भवन में चल रहा है। नए भवन में केंद्र शुरू होने से रोही मोड़, गाडीगढ़, भोर, इंदिरानगर तथा आस-पास के गांवों को लाभ पहुंचेगा।