सीबीआई ने ट्रैप बिछाकर की कार्रवाई, रेस्तरां से जुड़ा मामला
अमर उजला ब्यूरो
जम्मू। बाग-ए-बाहु पुलिस थाने में तैनात हैड कांस्टेबल को दस हजार रुपये की रिश्वत लेने के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने गिरफ्तार किया है। हैड कांस्टेबल रियाज अहमद को रिश्वत के पैसे लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। मामले में सब इंस्पेक्टर (एसआई) विजय गोस्वामी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
सूत्रों के अनुसार सिद्दड़ा में एक रेस्तरां के मालिक की शिकायत पर सीबीआई ने यह कार्रवाई की है। मामला रेस्तरां से जुड़ा है जिसकी जांच बाग-ए-बाहु पुलिस थाने में चल रही थी। इस मामले में जांच कर रहे एसआई और हैड कांस्टेबल रेस्तरां मालिक से रिश्वत की मांग कर रहे थे। इसके बाद शिकायतकर्ता ने सीबीआई में शिकायत की। सीबीआई की टीम ने मामले में अपने स्तर से छानबीन की। एक ट्रैप बिछाकर हैड कांस्टेबल को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। इस मामले में जांच अधिकारी एसआई विजय गोस्वामी को भी सीबीआई ने हिरासत में लिया है। इस मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को जब इसका पता चला तो वे पुलिस स्टेशन में पहुंचे। मामले की जानकारी ली। पुलिस इस संबंध में कुछ भी कहने से बच रही है जिस मामले को लेकर रिश्वत की मांगी थी सीबीआई टीम ने उससे जुड़े जरूरी दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं। दोनों पुलिस कर्मियों के वित्तीय लेनदेन को भी देखा जा रहा है।