जिला पुलिस ने 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज हत्या के मामले का खुलासा करते मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार 25 अगस्त को लोरन थाना पुलिस को हाजरा बी पत्नी अब्दुल गनी निवासी चिखड़ीबन की गुमशुदगी की रिपोर्ट मिली। बताया गया कि वह बकरियां चराने गई थी लेकिन घर नहीं लौटी।
इस दौरान घटनास्थल पर एक बकरी भी मृत पाई गई। इसके बाद पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया जिसमें महिला का शव चरागाह स्थल के पास एक प्राकृतिक गुफा से बरामद किया गया। जहां उसे किसी वस्तु के नीचे छिपाया गया था। प्रथम दृष्टया हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।
पुंछ के एएसपी ने एसएचओ लोरन नवीद अंजुम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी के आधार पर जांच के बाद विशेष टीम ने मृतका के पति अब्दुल गनी पुत्र अब्दुल अज़ीज़ निवासी चिखड़ीबन को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया। कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल किया और वारदात को अंजाम देने का तरीका भी बताया।
जांचकर्ताओं को गुमराह करने के लिए उसने घटनास्थल पर अपनी बकरी को भी मार डाला ताकि जंगली भालू के हमले का आभास हो। उसके खुलासे पर अपराध में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पत्नी द्वारा समय से पहले मक्की की कटाई करने से मना किए जाने पर आरोपी द्वारा पत्नी की बेरहमी से पिटाई के दौरान सिर पर प्रहार करने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से उसका एवं एक बकरी का गला रेतकर लोगों एवं पुलिस को गुमराह करने के लिए पत्नी के शव को एक गुफा में छुपा दिया।
आरोपी के अनुसार उसकी मंशा थी कि अगर देर रात तक किसी भालू ने शव को न नोचा तो वह उसे वहां से निकाल कर किसी गहरी खाई में फेंक देगा लेकिन महिला के गुम होने की सूचना के बाद पुलिस की तत्परता के चलते उसे मौका नहीं मिला।