भारत केसरी 2012 और राष्ट्रीय चैंपियन रेलवे हरियाणा के प्रवेश ने शानदार प्रदर्शन कर मलेरकोटला, पंजाब के पहलवान अब्दुल गनी को पटकनी देकर पांचवें वार्षिक मथवार केसरी दंगल का खिताब अपने नाम किया। पहली माली के लिए चली 21 मिनट की कुश्ती में दोनों पहलवानों ने दम दिखाया।
आखिर में प्रवेश बाजी मारने में कामयाब रहे। मथवार दंगल कमेटी और जेएंडके इंडियन स्टाइल रेसलिंग एसोसिएशन के बैनर तले मथवार (जिला जम्मू) में करवाए इस दंगल में 34 कुश्तियां लड़ी गईं, जिसमें देशभर के विभिन्न हिस्सों से 67 पहलवानों ने शिरकत कर शानदार प्रदर्शन किया। विजेता और उपविजेता पहलवानों को उचित नकद पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
दूसरी माली में भी कांटे की टक्कर रही। इसमें जेएंडके पुलिस के बीनिया मीन ने हरियाणा के सुनील को पछाड़कर जीत दर्ज की। तीसरी माली में बीएसएफ, चंडीगढ़ के गुरमेल ने अटारी बार्डर अमृतसर के योद्धा को शिकस्त दी। चौथी माली में जेएंडके पुलिस के रोशन लाल ने अमृतसर के अमृत मान और पांचवीं माली में सोनीपत के संदीप ने कोट भलवाल जम्मू के कुलवीर सिंह को पछाड़कर जीत दर्ज की।
इसके अलावा अन्य मुकाबलों में दोमाना के मोहम्मद सादिक ने बजरंगी अखाड़ा जम्मू के आसिफ, अमृतसर के मुनीश ने दोमाना के मुराद अली, बजरंगी अखाड़ा के अकरम ने डोडा के मोहम्मद निसार, नरगाड़ा के आमिर खान ने अटारी बार्डर अमृतसर के बाबा, जम्मू के बाबा ने हरियाणा के शुभम को मात दी।दोमाना के बलविंदर ने अमृतसर के जतिंद्र, बिश्नाह के कालू ने पानीपत के सोमवीर, सोनीपत के सुनील ने जम्मू के लालू, सोनीपत के सतपाल ने जेएंडके पुलिस के बिल्लू, लाडेन पावर हाउस के अजय कुमार ने जेएंडके पुलिस के दिलेर खान, जंद्राह के गोपाल ने अमृतसर के वीरेंद्र और सरोर के बाबरी ने हरियाणा के मंदीप को मात दी।
इस दौरान प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाने सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री शाम लाल शर्मा, खेल मंत्री रमण भल्ला, एसके शर्मा आदि पहुंचे।